3:24 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में बिना मंजूरी चल रहे प्ले स्कूल क्या होंगे बंद ?

उझानी में बिना मंजूरी चल रहे प्ले स्कूल क्या होंगे बंद ?।

उझानी-बदांयू 11 अप्रैल।

उझानी में दर्जनों प्ले स्कूल बगैर अनुमति के संचालित हो रहे हैं। जांच में पता चला है कि ज्यादातर प्ले स्कूलों ने तय मानकों को लेकर रजिस्ट्रेशन नहीं कराया है। तीन को नोटिस मिलने के बाद भी यह लगातार चल रहे हैं,इन प्ले स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा के इंतजाम अब भी अधूरे हैं।


व्यापारी नेता अभिनव सक्सेना की सूचना अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में एबीएसए प्रशांत सिंह राठौर ने बीते सितंबर, अगस्त माह में नगर के तीन प्ले स्कूलों को बंद करने का आदेश दिया था। मगर आज तक सब-कुछ उसी तरह चल रहा है मामला ठंडे बस्ते में चला गया।

नगर के प्ले स्कूलों को मानक पूरे कर रजिस्ट्रेशन कराने के,ना कराने पर बंद करने के लिए नोटिस भेजे गए थे, बावजूद संचालकों पर नोटिस का असर नहीं हुआ। इन स्कूलों में छोटे बच्चों को दो घंटे से आठ घंटे के लिए एक हजार से दो हजार रुपये हर महीने फीस ली जा रही है। इन स्कूलों की कभी जांच भी नहीं हुई है।

ऐसे में बिना प्रशासनिक अनुमति के छोटे भवनों और कमरों में प्ले स्कूल चलाए जा रहे। बच्चों की सुरक्षा को लेकर प्रशासनिक तौर पर कोई गारंटी नहीं है। इसको लेकर इन बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर प्ले स्कूलों का रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया गया है। इसके बावजूद इन प्ले स्कूलों के संचालक नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से बच्चों की सुरक्षा के साथ खुले तौर पर खिलवाड़ कर रहे हैं, जो कि बच्चों के लिए ठीक नहीं है।

जिला महिला और बाल विकास विभाग के अनुसार प्ले स्कूल चलाने के लिए रजिस्ट्रेशन कराना जरूरी है। रजिस्ट्रेशन कराने के लिए तय मानकों को पूरा करना होता है। प्ले स्कूल केवल तीन से छह वर्ष के बच्चों के लिए मान्य है। इसमें 20 बच्चों पर एक अध्यापक और एक केयर टेकर की जरूरत होती है। भवन में फायर सेफ्टी सिस्टम, विश्राम कक्ष, चाइल्ड फ्रेंडली शौचालय होने चाहिए। सीसीटीवी कैमरा लगे होने के साथ ही प्ले स्कूल का संबंधित सोसाइटी में रजिस्ट्रेशन होना चाहिए। भवन और जमीन संबंधी दस्तावेज होने चाहिए। प्ले स्कूल में आने वाले बच्चों के लिए खेल मैदान होना जरूरी है। लेकिन नगर में संचालित हो रहे इन प्ले स्कूलों में कोई मानक नहीं है।
——-

बोले एबीएसए -अगर नोटिस के बाद भी प्ले स्कूल संचालित हो रहे हैं तो उनको देखकर बंद कराया जाएगा। मानकविहीन असुरक्षित प्ले स्कूलों को नहीं चलने दिया जाऐगा- प्रशांत सिंह राठोर, खंड शिक्षा अधिकारी उझानी।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस