4:42 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

दातागंज क्षेत्र में बदहाल सड़क बनी किसानों की मुसीबत, ग्राम प्रधान पर अनदेखी के आरोप

दातागंज क्षेत्र में बदहाल सड़क बनी किसानों की मुसीबत, ग्राम प्रधान पर अनदेखी के आरोप

केशव गुप्ता

बदायूं जनपद के दातागंज तहसील क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां गांव की जर्जर और कीचड़ से भरी सड़क ने किसानों, मजदूरों और आम ग्रामीणों की जिंदगी मुश्किल बना दी है। इस संबंध में भारतीय किसान यूनियन (अन्नपूर्णा) के जिला अध्यक्ष अरविंद कुमार सूर्यवंशी द्वारा उपजिलाधिकारी दातागंज को एक शिकायत पत्र सौंपा गया है।
पत्र में बताया गया है कि गांव की मुख्य गली और सड़क पूरी तरह से टूटी-फूटी और कीचड़ से लथपथ है, जिससे ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो रहा है। हालात इतने खराब हैं कि किसान मजदूरों के घर तक कोई भी वाहन, यहां तक कि ट्रैक्टर और बैलगाड़ी भी नहीं पहुंच पा रही है। इससे दैनिक जीवन के साथ-साथ खेती-किसानी के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
शिकायत में ग्राम प्रधान संतोष कुमारी यादव (पत्नी संदीप यादव) पर लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। आरोप है कि ग्राम प्रधान अक्सर गांव में उपस्थित नहीं रहतीं और उनके प्रतिनिधि द्वारा भी सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है।
इसके अलावा पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव में अब तक गोशाला का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे आवारा पशुओं की समस्या लगातार बढ़ रही है और किसानों की फसलें भी नुकसान झेल रही हैं। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गांव में सड़क निर्माण और गोशाला की व्यवस्था जल्द से जल्द कराई जाए।
भारतीय किसान यूनियन ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और ग्राम प्रधान के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कितनी जल्दी संज्ञान लेकर ग्रामीणों को राहत दिला पाता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस