मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं को किया गया जागरूक

उसावां। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देशन में जनपद में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे #MissionShakti5 अभियान के अंतर्गत थाना उसावां पर गठित मिशन शक्ति टीम द्वारा व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया।
इस दौरान टीम ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों, बाजारों, विद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी आपात स्थिति में घबराने की बजाय तुरंत सरकार द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबरों का उपयोग करें, जिससे उन्हें समय पर सहायता मिल सके।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को 1090 (वुमन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन) जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देते हुए इनके सही उपयोग के बारे में समझाया। साथ ही बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक करते हुए बताया गया कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दूरी बनाकर रखें, अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी या उत्पीड़न की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने महिलाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक किया और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही यह संदेश भी दिया गया कि समाज में किसी भी प्रकार के उत्पीड़न या अपराध को सहन न करें, बल्कि उसके खिलाफ आवाज उठाएं और पुलिस की मदद लें।
पुलिस टीम द्वारा चलाया गया यह जागरूकता अभियान क्षेत्र में काफी प्रभावी रहा, जिससे महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ा और उन्हें सुरक्षा के प्रति अधिक सजग बनने की प्रेरणा मिली। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
केशव गुप्ता
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

