ईद-उल-फितर व नवरात्र के मद्देनजर कुंवरगांव पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है। शुक्रवार को थानाध्यक्ष राजेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों में व्यापक पैदल मार्च किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश दिया गया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम ने साप्ताहिक बाजार चौराहा, मुख्य चौराहा, आंवला–बदायूं मुख्य मार्ग, होली चौक, मुख्य बाजार, सर्राफा बाजार समेत मोहल्ला मस्जिद मोहल्ला सहित कई संवेदनशील स्थानों पर भ्रमण किया। जगह-जगह रुककर लोगों से संवाद भी किया गया और त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।
इस दौरान थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने स्पष्ट कहा कि ईद और नवरात्र दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, श्रद्धा और सौहार्द के प्रतीक हैं। किसी भी तरह की अफवाह या भड़काऊ संदेशों से दूर रहें, खासकर सोशल मीडिया पर संयम बरतें। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना को तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं।
पैदल मार्च के दौरान पुरुष पुलिसकर्मियों की सक्रिय मौजूदगी से क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहा। आमजन ने भी पुलिस को सहयोग का भरोसा दिलाते हुए शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की बात कही।
इसी क्रम में थानाध्यक्ष कुंवरगांव द्वारा अवगत कराया गया मय फोर्स के साथ आगामी पर्व ईद-उल-फितर के दृष्टिगत मिश्रित आबादी व भीड़-भाड़ वाले मुख्य स्थानों पर पैदल गश्त की गई तथा संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की सघन चेकिंग की गई, जिससे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

