1:52 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

गैस संकट- चटपटे स्वाद पर मंहगाई का तड़का, पड़ाके टिक्की चाय के बढ़े भाव

उझानी-बदांयू 15 मार्च।

अगर आप चटपटे खाने के शौकीन हैं और शाम को कुछ तीखा खाने का मन हो जाए, मूड में घर से निकल रहे हैं, तो जरा संभलकर! आपकी जेब पर महंगाई की लाल मिर्च लगने वाली है।

अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध की तपिश अब शहर के स्टेशन रोड पर लगने वाली चटोरी गली तक पहुंच गई है। एलपीजी सिलेंडर की किल्लत का स्पष्ट असर स्ट्रीट फूड मार्केट पर नजर आ रहा है। छोटे दुकानदार और ठेले वालों को जहां व्यंजन के लिए अतिरिक्त लागत चुकानी पड़ रही है, जिसका सीधा असर उपभोक्ता की प्लेट पर नजर आ रहा है।

एलपीजी सिलिंडर की किल्लत से बाजार में इकोनॉमिक इमरजेंसी जैसे हालात बन गए हैं। इस समय गैस ना मिलने पर चाट-पकौड़ी के आधे कांउटर नजर आते हैं, सबसे ज्यादा परेशानी छोटे खाद्य व्यवसायियों को हो रही है। एक ओर ठेले और ढाबा संचालकों को महंगे दामों पर गैस खरीदनी पड़ रही है। नतीजा उपभोक्ताओं को अपने स्वाद के लिए पहले से ज्यादा कीमत चुकानी पड़ रही है। वहीं जिन व्यापारियों ने कीमत नहीं बढ़ाई है, उन्होंने प्लेट की मात्रा में सेंध लगा दी है।

दुकानदारों के अनुसार पहले की तुलना में अब सिलिंडर की उपलब्धता कम हो गई है और कई बार अधिक कीमत पर गैस खरीदनी पड़ रही है। इसलिए लागत निकालने के लिए खाने-पीने की वस्तुओं के दाम बढ़ाए हैं। विक्रेता श्याम बाबू ने बताया सिलिंडर अब 200 से 300 रुपये महंगा पड़ रहा है। इसलिए समोसे की कीमतें बढ़ाई गई हैं। वहीं सुरेन्द्र ने कहा कि चाऊमीन की कीमत नहीं बढ़ाई, लेकिन प्लेट की मात्रा घटा दी गई है।

अनुपम ने बताया कि पड़ाके की प्लेट में संख्या कम कर दी गई है। सुरेश ने कहा कि सरसों का तेल, रिफाइंड पहले से ही महंगा हो गया था। अब सिलिंडर के लिए अधिक खर्च करना पड़ रहा है, इसलिए पकौड़े की कीमतें बढ़ानी पड़ी हैं।

कीमतों में बढ़ोतरी का असर सीधे ग्राहकों की जेब पर पड़ रहा है।

पकोड़े जहां पहले 100 ग्राम के लिए 20 रुपये चुकाने पड़ते थे अब 25 रुपये के हो चुके हैं

वही समोसा पहले 2 पीस 15 रुपये के थे अब 20 रुपये में मिल रहे हैं।
पड़ाके पहले 5 पीस 10 रुपये के मिलते थे अब 4 रह गये है।

छोले-भटूरे की प्लेट पहले 25 रुपये की आती थी अब 30 रुपये की हो गई है।
रोटी नॉन प्लेट पहले 30 रुपये में मिलती थी अब 40 रुपये की इसी तरह आलू की टिक्की 15 रूपए की जगह बीस रुपए की मिल रही है। चाय पर भी एक रूपए की बढ़ोत्तरी हो चुकी है। इसी तरह चायनीज फ़ूड के भी दाम बढ गये है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस