कुंवरगांव नगर पंचायत क्षेत्र में होली पर्व का आगाज परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ होलिका दहन से हुआ। नगर के ऐतिहासिक होली चौक पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पंडित पप्पू शर्मा ने विधि-विधान से पूजन कराया, जिसके पश्चात होलिका दहन संपन्न हुआ। इस दौरान पूरा चौक ‘होलिका माई’ के जयकारों से गूंज उठा।

लगभग 20 हजार की आबादी वाले कुंवरगांव की विशेषता यह है कि यहां पूरे नगरवासी एक ही स्थान पर सामूहिक रूप से होलिका दहन करते हैं। यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है और आपसी एकता व भाईचारे का प्रतीक मानी जाती है। कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
होलिका दहन से पूर्व थाना अध्यक्ष राजेश कोशिक ने पुलिस बल के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया। सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सका।

वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति रानी के निर्देशन में होली चौक पर विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था एवं सौंदर्यीकरण कराया गया।


इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण होलिका दहन और रंगोत्सव की तिथियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी रही। हालांकि कुंवरगांव में धार्मिक परंपरा का पालन करते हुए होलिका दहन संपन्न किया गया। ग्रहण के प्रभाव को देखते हुए रंगोत्सव 4 मार्च को मनाया जाएगा।
नगर में होली को लेकर उत्साह चरम पर है और लोग सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व मनाने की तैयारी में जुटे हैं।
रिपोर्ट अनुज रस्तोगी कुंवर गांव
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

