कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव मोंगर से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें एक मकान के बाहर वाहन से तेल के ड्रम उतारे जाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो के आधार पर कुछ लोग खाद्य तेल में मिलावट और नकली तेल बेचने का आरोप लगा रहे हैं। हालांकि वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि कुछ लोग सस्ता तेल लाकर उसमें मिलावट कर क्षेत्र के गांवों में मोटरसाइकिल के माध्यम से बिक्री करते हैं। यह भी कहा जा रहा है कि उक्त ड्रम वजीरगंज क्षेत्र से लाए गए थे। मामले के सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि यह वीडियो लगभग एक सप्ताह पुराना है। चर्चा है कि गांव के एक युवक ने तेल उतारते समय वीडियो बनाया था। इसके बाद वीडियो बनाने को लेकर विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हुई और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम के गांव पहुंचने की बात भी सामने आई है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि खाद्य पदार्थों में मिलावट हो रही है तो यह सीधे तौर पर जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है।
इस संबंध में खाद्य सहायक आयुक्त सी.एल. यादव ने बताया कि वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

