11:28 am Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

अलापुर क्षेत्र के गभ्याई निवासी के मजदूर की कर्नाटक में हुए फैक्ट्री हादसे में मौत

बदायूं/अलापुर। थाना अलापुर क्षेत्र के गांव गभ्याई निवासी एक मजदूर की कर्नाटक में हुए फैक्ट्री हादसे में मौत हो गई। घटना रविवार को Mandya district के केरेकाटे गांव के पास स्थित एक केमिकल फैक्टरी में हुई, जहां स्टोरेज टैंक फटने से दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब फैक्टरी को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा रहा था और टैंक की सफाई का काम चल रहा था। विस्फोट इतना भीषण था कि दो मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत Mandya Institute of Medical Sciences में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2022 में भी इसी फैक्ट्री में जहरीली गैस रिसाव की घटना हुई थी, जिससे फसलों को नुकसान पहुंचा था और पशुओं की मौत हुई थी। ग्रामीणों के विरोध और प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद पहले फैक्ट्री का काम रुकवाया गया था। अब ताजा हादसे के बाद सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक निगरानी पर फिर सवाल खड़े हो रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया
फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक अमन के मुताबिक, केमिकल टैंक के पास छह लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक तेज धमाका हुआ। हादसे में आकाश और कल्लू की मौत हो गई, जबकि कासिम सहित अन्य मजदूर घायल हैं। एक अन्य श्रमिक ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे टैंक फट गया। उस समय कटिंग और फिटिंग का काम चल रहा था। ठेकेदार गुड्डू खान मौके पर मौजूद नहीं था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह जांच की जा रही है कि कहीं सुरक्षा मानकों में लापरवाही तो नहीं बरती गई।

विज्ञापन एक्सप्रेस