कुंवरगांव। न्यायालय से वारंट जारी होने के बावजूद चार वर्षों से पेशी पर हाजिर न होने वाले हत्या के प्रयास के आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कुंवरगांव थाना पुलिस ने शुक्रवार को फरीदपुर चकोलर गांव में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से पकड़ लिया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी धीरपाल पुत्र लीलाधर वर्ष 2021 में दर्ज एक गंभीर हमले के मामले में वांछित चल रहा था। अदालत द्वारा उसके खिलाफ वारंट जारी किया जा चुका था, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार न्यायालय में पेश होने से बचता रहा। पुलिस रिकॉर्ड में उसका नाम वारंटी के रूप में दर्ज था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में वारंटियों और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस टीम को आरोपी के गांव में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से गांव में दबिश दी और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगांव

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

