कुंवरगांव आगामी पर्व महा शिवरात्रि, होली एवं ईद-उल-फितर को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को थाना कुंवरगांव परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष, थाना कुंवरगांव द्वारा की गई।
बैठक में क्षेत्र के विभिन्न धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, पूर्व प्रधानों तथा गणमान्य एवं सम्भ्रांत व्यक्तियों ने भाग लिया। इस दौरान उपस्थित लोगों को दिशा-निर्देशों एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। थानाध्यक्ष ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देते हैं, इसलिए इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह, भ्रामक सूचना या असामाजिक/खुराफाती तत्वों की गतिविधि की जानकारी तत्काल थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। साथ ही सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट या संदेश प्रसारित न करने तथा दूसरों को भी ऐसा न करने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया गया।
बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, के निर्धारित मार्गों का पालन करने, डीजे/ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग में शासन द्वारा निर्धारित नियमों का अनुपालन करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अंत में सभी उपस्थित जनों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
रिपोर्ट अनुज रस्तोगी कुंवर गांव

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

