उझानी में पुराने लेनदेन को लेकर सर्राफा कारोबारी परेशान, रोज़ होती ग्राहकों से चिक-चिक
।
उझानी बदांयू 31 जनवरी।
सोने-चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते सर्राफा कारोबारियों की परेशानियां बढ़ती जा रही हैं। आरोप है कि बढ़ती कीमतों का गलत फायदा उठाते हुए कुछ लोग वर्षों पुराने लेनदेन को लेकर अब अपने आभूषणों पर दावा जता रहे हैं इससे आऐ दिन ग्राहकों से चिक-चिक हो रही है, कुछ लोग रिश्तेदारों के साथ आकर सर्राफा व्यापारियों को धमकियां दे रहे हैं, जिससे व्यापारियों में जान-माल की सुरक्षा को लेकर भय का माहौल बन गया है।
इसी समस्या को लेकर सर्राफा व्यापारियों ने एसएसपी से मिलकर ज्ञापन देने का मन बना लिया है जिसमें सर्राफा व्यापारियों को सुरक्षा देने की मांग की जाएगी।
सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कुमार मित्तल ने बताया कि हाल के दिनों में सोने-चांदी के दामों में बेइंतहा बढ़ोतरी के कारण जालसाजी से जुड़े नए-नए प्रकरण सामने आ रहे हैं, जिससे सर्राफा व्यापारी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
व्यापारियों ने बताया कि जिन ग्राहकों ने वर्षों पहले अपने आभूषण गिरवी रखे थे या सर्राफा व्यापारियों को बेच दिए थे, वे लंबे समय तक न तो संपर्क में रहे और न ही किसी प्रकार का ब्याज दिया। अब सोने-चांदी के दाम बढ़ने के बाद वही लोग अपने आभूषणों पर दावा जता रहे हैं और अपने रिश्तेदारों के साथ आकर सर्राफा व्यापारियों को धमकियां दे रहे हैं। इससे व्यापारियों में जान-माल के नुकसान का भय बना हुआ है ।
एसोसिएशन के सदस्यों ने प्रशासन से मांग है कि इस तरह की निराधार शिकायतों पर बिना जांच के कोई कार्रवाई न की जाए और सर्राफा व्यापारियों को पूर्ण सुरक्षा प्रदान की जाए, ताकि वे भयमुक्त होकर अपना व्यवसाय कर सकें, प्रशासन से अपील की कि झूठी शिकायतों पर संज्ञान न लिया जाए और सर्राफा व्यापारियों को मानसिक व आर्थिक उत्पीड़न से बचाया जाए।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

