12:39 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

आम बजट 1 फरवरी को होगा पेश, लम्बी दूरी की ट्रेन पर टिकीं यात्रियों की उम्मीदें

आम बजट 1 फरवरी को होगा पेश, लम्बी दूरी की ट्रेन पर टिकीं यात्रियों की उम्मीदें

उझानी-बदांयू 31 जनवरी।

आम बजट 2026 से उझानी के रेल यात्रियों को उम्मीद है कि लम्बी दूरी की ट्रेनें मिलने के साथ-साथ यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़े कोष का आवंटन किया जाएगा।

केंद्रीय वित्त मंत्री 1 फरवरी को देश का आम बजट पेश करने जा रही हैं। इस बजट से आम जनता, विशेषकर रेल यात्रियों और व्यापारियों को काफी उम्मीदें हैं। उझानी जैसे शहर के लिए रेलवे लाइफलाइन की तरह है, लेकिन वर्तमान में यात्री कई समस्याओं से जूझ रहे हैं।

जनता को उम्मीद है कि इस बार दिल्ली, लखनऊ के साथ-साथ पैसेंजर और लोकल ट्रेनों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान देना चाहिए। रेलवे में सफाई, सुरक्षा और ट्रेनों के लेट-लतीफी को लेकर यात्रियों की शिकायतें आम हैं।

वहीं, गल्ला व्यापारियों का मानना है कि माल ढुलाई के शुल्कों में राहत और बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार को गति मिलेगी। इस बजट से नगर के रेल यात्रियों को उम्मीद है कि यात्री सुविधाओं के विस्तार के लिए बड़े कोष का आवंटन किया जाएगा।

बजट में व्यापारियों के लिए मालगाड़ियों के सुगम संचालन और फ्रेट कॉरिडोर में सुविधाओं की घोषणा होनी चाहिए। व्यापार तभी बढ़ेगा जब माल समय पर और कम लागत में पहुंचेगा।-चंदन वार्ष्णेय,आढती,

वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनें अच्छी हैं, लेकिन मिडिल क्लास लोकल और पैसेंजर ट्रेनों पर निर्भर है। सरकार को लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ानी चाहिए और सुनिश्चित करना चाहिए कि वे समय पर चलें। अभिनव सक्सेना, व्यापारी नेता।

रेलवे स्टेशन पर मुफ्त वाई-फाई के साथ-साथ डिजिटल सुविधाओं का विस्तार हो। टिकट खिड़कियों पर भीड़ कम करने के लिए बजट में नई तकनीक पर जोर देना चाहिए। – संजय कुमार मित्तल सर्राफा कमेटी अध्यक्ष।

वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराए में छूट जो बंद कर दी गई थी, उसे इस बजट में बहाल किया जाना चाहिए। यह हमारी सबसे पुरानी मांग है। -प्रवेश कुमार शर्मा,

ट्रेनों में महिलाओं की सुरक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। बजट में हर कोच में सीसीटीवी और सुरक्षा गार्डों की तैनाती के लिए विशेष प्रावधान होना चाहिए। -पुरूषोत्तम दास वार्ष्णेय व्यापारी नेता।

बजट में दिल्ली, लखनऊ को सीधी ट्रेन मिलने से क्षेत्र की जनता को काफी सहूलियत होगी,बडी लाइन हुए काफी वक्त हो गया, ट्रेनें फिर भी गिनी-चुनी है।- सत्यवीर सिंह यादव, कांग्रेस नेता।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस