कुंवरगांव नगर पंचायत क्षेत्र में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूरे उत्साह और गरिमामय माहौल में कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर थाना परिसर, नगर पंचायत कार्यालय, गांधी ग्राउंड तथा विभिन्न विद्यालयों में ध्वजारोहण किया गया।
सुबह के समय थाना कुंवरगांव परिसर में ध्वजारोहण किया गया, जहां थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने पुलिस फोर्स के साथ राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी और देश की एकता, अखंडता एवं संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ ली। इसके पश्चात थाना प्रभारी राजेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा नगर में तिरंगा लेकर प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें देशभक्ति नारे लगाए गए और आमजन को राष्ट्रीय पर्व के महत्व का संदेश दिया गया।
इसके उपरांत नगर पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष एवं अन्य लोगो द्वारा ध्वजारोहण कर उपस्थित कर्मचारियों को संविधान के महत्व और नागरिक कर्तव्यों की जानकारी दी गई।
गांधी ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में बच्चों, युवाओं और नगरवासियों की अच्छी खासी मौजूदगी रही। यहां ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान गाया गया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया। कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया और उनके बलिदान को नमन किया गया।
इसके साथ ही नगर के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों में भी गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से संविधान और लोकतंत्र की भावना को दर्शाया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को देश के संविधान, अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
नगर पंचायत क्षेत्र में जगह-जगह राष्ट्रीय ध्वज फहराते हुए दिखाई दिए और पूरे क्षेत्र में देशभक्ति का माहौल बना रहा। कार्यक्रमों के दौरान शांति व्यवस्था बनी रही और सभी आयोजन व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुए।
गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने देश की प्रगति, भाईचारे और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने का संकल्प लिया।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगीकुंवरगाँव

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

