।
उझानी बदांयू 23 जनवरी।
नगर के संतोष कुमारी श्रवण कुमार अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर मां सरस्वती का पूजन एवं हवन विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
बंसत पंचमी उत्सव भक्तिमय वातावरण एवं विद्या के प्रति समर्पित भाव से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।


इस अवसर पर यजमान की भूमिका का निर्वहन नरेशपाल शर्मा एवं पुरोहित की भूमिका का निर्वहन व्रजेंद्र कुमार वशिष्ठ के द्वारा किया गया।
माननीय प्रधानाचार्य ने बसंत पंचमी की शुभकामनाएं देते हुए इस पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बसंत पंचमी विद्या, कला, संगीत, और सृजन के क्षेत्र में नवीन ऊर्जा का संचार करती है। यह पर्व ज्ञान की देवी मां सरस्वती के प्रति आभार प्रकट करने का अवसर है, जो हमारे जीवन में बुद्धि, विवेक, और सृजनात्मकता प्रदान करती है।
वरिष्ठ आचार्य रामकुमार ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए बसंत पंचमी के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल विद्यार्थियों के लिए, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जो ज्ञान की खोज में है।
कार्यक्रम में समस्त आचार्य एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन मां सरस्वती की आरती एवं श्रद्धेया श्रीमती सरिता मिश्रा के द्वारा भजन कीर्तन के कार्यक्रम की सराहनीय प्रस्तुति के साथ किया गया। इसके बाद प्रसाद वितरण का कार्यक्रम हुआ। समस्त उपस्थितजनों ने एकजुट होकर विद्या, संस्कृति, और संस्कार के इस अद्भुत संगम में भाग लेकर आयोजन को सफल बनाया।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

