4:40 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

जमीन हड़पने की साजिश, सोते बुजुर्ग पर हमला कर अंगूठा काटा

कुंवरगांव (बदायूं)। थाना कुंवरगांव क्षेत्र के ग्राम इमलिया में जमीन को लेकर उपजे विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। पांच बीघा कृषि भूमि पर कब्जे की मंशा से एक पुत्रवधू ने अपने कथित प्रेमी के साथ मिलकर 72 वर्षीय ससुर पर सोते वक्त जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग के सिर पर गंभीर चोटें आईं और हाथ का अंगूठा कटकर अलग हो गया। घायल की हालत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें जिला अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वारदात के बाद गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।

पीड़ित महताव पुत्र तोताराम निवासी ग्राम इमलिया के नाम करीब पांच बीघा उपजाऊ जमीन दर्ज है। आरोप है कि उनकी पुत्रवधू जयन्ती जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रही थी, जिसको लेकर घर में लंबे समय से तनातनी चल रही थी। बताया गया कि महताव का बेटा मानसिक रूप से कमजोर है, इसी स्थिति का फायदा उठाकर जमीन हड़पने की योजना बनाई गई।

परिजनों के अनुसार 20 जनवरी की रात लगभग 11:30 बजे जयन्ती ने अपने साथी रोहित उर्फ बुधिया पुत्र महीपाल निवासी ग्राम इमलिया को घर बुलाया। इसके बाद दोनों ने चारपाई पर सो रहे बुजुर्ग पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव हुआ और अंगूठा कट गया। शोर सुनकर महताव की बहन नेकसो पत्नी स्व. आशाराम की नींद खुली, जिन्होंने भाई को खून से सना देखा। इसी बीच आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

घायल को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर अवस्था को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मामले में नेकसो की तहरीर पर थाना कुंवरगांव पुलिस ने पुत्रवधू जयन्ती और उसके साथी रोहित उर्फ बुधिया के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों की तलाश की जा रही

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी

कुंवर गांव

विज्ञापन एक्सप्रेस