4:34 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में घर-घर नल, फिर भी बोतल में बिक रहा पेयजल

उझानी-बदांयू 21 जनवरी।

शहर में भले ही घर-घर नल से पेयजल पहुंचाने के दावे किए जा रहे हों। नगर के घरों में हजारों पेयजल कनेक्शन दिए गए हों, लेकिन लोगों का भरोसा आरओ और बोतलबंद पानी पर बढ़ता जा रहा है। शहर में 15 से अधिक रिवर्स ऑस्मोसिस (आरओ) प्लांट संचालित हो रहे हैं। शादी-समारोह से लेकर रोजमर्रा की जरूरतों तक, शुद्ध पानी के नाम पर लोग नल के बजाय प्लांट के पानी को प्राथमिकता दे रहे हैं।

नगर पालिका क्षेत्र की आबादी एक लाख से अधिक हैं। नगरपालिका की ओर से शहर में पेयजल आपूर्ति के लिए घर-घर कनेक्शन दिए गए हैं। इसके लिए लोग जलकर के रूप में एक राशि भी नगरपालिका में जमा करते हैं। नगर पालिका की ओर से पेयजल आपूर्ति दिए जाने के बाद भी लोग पीने के लिए आरओ पानी खरीद रहे हैं।

शहर में 15 से अधिक आरओ प्लांट संचालित हैं। सर्दी के दिनों में इन प्लांट से एक हजार से अधिक पानी के कैंपर की रोजाना बिक्री होती है। प्रत्येक प्लांट से 100 से 120 तक आरओ पानी के कैंपर बिकते हैं। गर्मी के दिनों में इनकी संख्या बढ़कर 300 से 500 तक पहुंच जाती है। इसके अलावा तमाम लोगों ने घरों में आरओ लगवा रहे हैं। पिछले तीन साल में शहर में आरओ की मांग 30 से 35 प्रतिशत तक बढ़ गई है। गर्मी के मौसम 60 से 70 आरओ मशीन प्रतिमाह बिकती हैं। इसके पीछे की मुख्य वजह दूषित पानी की सप्लाई को माना जा रहा है।

शहर में कई जगह पाइप लाइन में लीकेज बनी रहती है। इससे घरों को आपूर्ति किए जाने वाले पानी में गंदगी और बदबू की समस्या आमतौर पर रहती है। ऐसे में लोग स्वच्छ पेयजल के लिए आरओ पानी पर निर्भर होते जा रहे हैं।

नगरपालिका का दावा है कि घरों में आपूर्ति किए जाने वाले पेयजल की निरंतर जांच की जाती है। कहीं भी पाइप लाइन लीकेज की सूचना मिलते ही उसे दुरुस्त कराया जाता है।


राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस