शीतलहर, ठंड और घने कोहरे ने थाम दी जीवन की रफ्तार, रजाई में भी कांपते रहे लोग

उझानी- बदांयू 9 जनवरी।
बदांयू जनपद में बृहस्पतिवार को शीतलहरी और कड़ाके की ठंड की चपेट में रहा । मौसम का यह तीखा मिजाज आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर रहा है। बीते कई दिनों से लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है, वहीं सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने से दृश्यता महज 10 मीटर से भी कम हो गई है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आ रहे हैं और आम लोगों की दिनचर्या पूरी तरह बदल गई है।
कल पूरे दिन धूप के दर्शन ना हुऐ वही तेज ठंडी हवाओं ने परेशान किया। जनजीवन काफी अस्तव्यस्त रहा। बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर भी रोज की अपेक्षा भीड़ कम दिखी।
शहर के घनी आबादी वाले स्टेशन रोड,कछला रोड क्षेत्रों में सुबह-सुबह सन्नाटा पसरा रहा। लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए। चाय की दुकानों पर भीड़ अधिक रही, जहां लोग गर्म चाय और नाश्ते के साथ ठंड से राहत तलाशते दिखे।
घने कोहरे के चलते फसल पर पाला पड़ने की आशंका भी बढ़ गई है। आलू, सब्जी और सरसों की फसलों को नुकसान होने का खतरा बना हुआ है। किसान खेतों में सिंचाई और धुआं करके फसल को बचाने के उपाय कर रहे हैं। भीषण ठंड और कोहरे के कारण लोग आवश्यक काम होने पर ही घर से बाहर निकल रहे हैं। बुजुर्गों और छोटे बच्चों को खास तौर पर सतर्क रहने की जरूरत पड़ रही है। अस्पतालों में सर्दी, खांसी, बुखार और सांस से जुड़ी शिकायतों वाले मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
———
डॉक्टरों के अनुसार, शीतलहरी के दौरान शरीर की प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो सकती है। इससे सर्दी-जुकाम, निमोनिया, जोड़ों में दर्द और सांस संबंधी समस्याएं बढ़ जाती हैं। ठंड के कारण ब्लड प्रेशर और हृदय रोगियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
——–
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तरी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले कुछ दिनों तक कोहरा और शीतलहरी बने रहने की संभावना है।
——-
बहुत जरूरी हो तभी घर से निकलें
गर्म कपड़े, टोपी, मफलर और दस्ताने पहनें।
सुबह-शाम ठंडी हवा से बचें।
गर्म पानी और गर्म पेय पदार्थों का सेवन करें।
बुजुर्गों और बच्चों को विशेष रूप से गर्म रखने को अलाव लगाऐ।——
ऐसे करें बचाव।
वाहन धीमी गति से चलाएं।
फॉग लाइट और हेडलाइट का सही उपयोग करें।
सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
अनावश्यक यात्रा से बचे।
घर में वेंटिलेशन बनाए रखें।
फिसलन से बचने के लिए रास्तों को सूखा रखें।
किसानों के लिए
फसलों की हल्की सिंचाई करें ताकि पाला न पड़े।
धुआं करके तापमान संतुलित रखें।
पशुओं को बंद और गर्म स्थान पर रखें।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

