1:37 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सकट चौथ पर माताओं ने संतान की दीर्घायु की कामना की

बिल्सी। नगर एवं ग्रामीण अंचल में सकट चौथ का पर्व श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया। इस अवसर पर माताओं ने संतान की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए व्रत रखा। दिनभर व्रती महिलाओं ने निर्जल रहकर पूजा-अर्चना की और संध्या समय चंद्र दर्शन के बाद व्रत का पारण किया। सुबह से ही घरों में पूजा की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से भगवान गणेश की आराधना की और सकट चौथ की कथा का श्रवण किया। पूजा के दौरान तिल, गुड़, चावल, पुष्प और दुर्वा अर्पित की गई। संध्या के समय जैसे ही चंद्रमा के दर्शन हुए, व्रती महिलाओं ने चंद्र को अर्घ्य देकर संतान के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक रही और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर चहल-पहल बनी रही। सकट चौथ के अवसर पर नगर में शांति एवं सौहार्द का माहौल रहा। परंपरागत आस्था के इस पर्व ने पारिवारिक एकता और धार्मिक भावना को और मजबूत किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस