नगर के वार्ड संख्या एक निवासी एवं सरकारी उचित दर विक्रेता मोहर सिंह का शनिवार को लंबी बीमारी के बाद 65 वर्ष की आयु में निधन हो गया।परिजनों के अनुसार मोहर सिंह काफी समय से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका उपचार चल रहा था। शनिवार को उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके परिवार में पत्नी श्यामा देवी सहित छह बच्चे हैं। निधन की खबर फैलते ही उनके आवास पर सांत्वना देने वालों की भीड़ जुट गई। पत्नी, बच्चों सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में शोक का माहौल बना हुआ है।
मोहर सिंह वर्षों से नगर की सरकारी राशन की दुकान के उचित दर विक्रेता के रूप में कार्यरत थे। उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ किया। नगरवासियों के अनुसार वे सरल स्वभाव, मिलनसार और ईमानदार व्यक्ति थे। राशन वितरण में पारदर्शिता और गरीबों के प्रति संवेदनशीलता के कारण उनकी अलग पहचान थी। उपभोक्ता उन्हें एक भरोसेमंद विक्रेता के रूप में जानते थे।
उनके निधन को नगर के लिए अपूरणीय क्षति बताया जा रहा है। शोक व्यक्त करने वालों में चेयरमैन पति अरविंद रावत, लकी गुप्ता, पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल ठाकुर, सुमित गुप्ता, अवनीश शंखधार,मिक्की सिंह, रामअवतार श्रीवास्तव सहित अनेक गणमान्य नागरिक व परिचित शामिल रहे, जिन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया।पुत्र रवि ने बताया कि मोहर सिंह का अंतिम संस्कार रविवार को नगर में ही किया गया ।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गाँव
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

