8:20 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

टिकरी पुख्ता की गौशाला में वित्तीय अनियमितताएं: उप मुख्यमंत्री से शिकायत

अमित वर्मा।

उसावां: क्षेत्र की टिकरी पुख्ता ग्राम पंचायत में स्थित अस्थाई गौशाला में क्षमता से अधिक गोवंश रखे जाने और वित्तीय अनियमितताओं का आरोप लगा है। ग्राम प्रधान ने इस संबंध में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पत्र लिखकर शिकायत की है। गौशाला की क्षमता 120 गोवंश की है, लेकिन वर्तमान में यहां 185 गोवंश रखे गए हैं, जिससे उनकी स्थिति जर्जर हो गई है और चारे की भी कमी बताई जा रही है।प्रधान का आरोप है कि मौजूदा पशुधन अधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने पैसे का घोटाला करने के उद्देश्य से अक्टूबर-सितंबर महीने में अधिक गायों को गौशाला में भरवाकर पिछले महीने का अतिरिक्त पैसा निकाला है। पत्र में कहा गया है कि अधिकारियों ने मनमानी करते हुए कार्यदायी संस्था ग्राम पंचायत टिकरी पुख्ता को हटाकर दानवीर यादव जन कल्याण सेवा समिति को भरण-पोषण का जिम्मा सौंप दिया था, जिसे नाबालिग बच्चों द्वारा चलाया जा रहा था। ग्रामवासियों और प्रधान के विरोध के बाद उन बच्चों को हटाया गया।शिकायत में यह भी बताया गया है कि पिछले दो-तीन महीनों में भुखमरी के कारण दर्जनों गोवंश की मौत हो चुकी है। प्रधान के अनुसार, 21 अक्टूबर 2025 से 25 नवंबर 2025 तक गौशाला में 105 गोवंश संरक्षित थे। इसके बाद 27 नवंबर 2025 को उनके और ग्रामीणों के सामने 80 और गोवंश लाए गए, जिससे कुल संख्या 185 हो गई। हालांकि, दानवीर यादव जन कल्याण सेवा समिति ने कर्मचारियों से मिलकर 21 अक्टूबर 2025 से 20 नवंबर 2025 तक के लिए ही 185 गोवंशों के भरण-पोषण की मांग को संस्तुति करा लिया, जिसमें लगभग एक महीने की वित्तीय अनियमितता का आरोप है।प्रधान ने उपमुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि इस वित्तीय अनियमितता की जांच संबंधित विभागीय अधिकारियों से न कराकर किसी अन्य विभाग के अधिकारी से कराई जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं, डॉ. संजीव कुमार सिंह ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस