धड़ल्ले से हो रहा प्रतिबंधित पॉलिथीन व थर्माकोल का प्रयोग
पर्यावरण पर मंडरा रहा है खतरा
बिल्सी। स्थानीय नगर पालिका परिषद प्रशासन की उदासीनता के चलते नगर में लंबे समय से प्रतिबंधित पॉलिथीन एवं थर्माकोल से बनी वस्तुओं का खुलेआम प्रयोग किया जा रहा है। दुकानों, ठेलों और बाजारों में इनका धड़ल्ले से इस्तेमाल हो रहा है, जिससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित हो रहा है, बल्कि जनस्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। नगरवासियों का कहना है कि शासन स्तर पर पॉलिथीन और थर्माकोल के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध के बावजूद संबंधित विभागों की लापरवाही के कारण नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। नालियों में पॉलिथीन जमा होने से जल निकासी बाधित हो रही है, वहीं थर्माकोल के कचरे से गंदगी और प्रदूषण बढ़ता जा रहा है। इससे आवारा पशुओं के साथ-साथ आम लोगों के लिए भी खतरा बना हुआ है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद के सफाई एवं स्वास्थ्य निरीक्षक मनीष कुमार ने बताया कि प्रतिबंधित पॉलिथीन एवं थर्माकोल के उपयोग को लेकर शीघ्र ही विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों एवं व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जुर्माने के साथ सामग्री जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी। नगरवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि अभियान केवल औपचारिक न होकर नियमित रूप से चलाया जाए, ताकि नगर को प्रदूषण से मुक्त रखा जा सके और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित हो सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

