2:50 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

सलारपुर गांव में नाला न बनने से फैली गंदगी, बीमारियों के फैलने का खतरा

ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान व सचिव पर लगाए गंभीर आरोप

कुंवरगांव विकासखंड सलारपुर अंतर्गत ग्राम सलारपुर में नाला न होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव की सड़कों पर घरों का गंदा पानी जमा है, जिससे जलभराव, कीचड़ और गंदगी की स्थिति बनी हुई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद आज तक नाला निर्माण नहीं कराया गया। नतीजतन, गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा बना हुआ है और लोगों का आना-जाना दूभर हो गया है।

ग्रामीणों का कहना है कि नाला न होने के कारण रास्ते हमेशा जलमग्न रहते हैं। नियमित सफाई न होने से स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चलाए जा रहे अभियानों का जमीनी स्तर पर कोई असर दिखाई नहीं दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि नाला निर्माण को लेकर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

वहीं, जब इस संबंध में ग्राम प्रधान जाहिद अली से बात की गई तो उन्होंने बताया था कि दो-तीन दिन में सड़क पर रोड़ा डलवाकर नाला बनवाया जाएगा, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार चार महीने बीत जाने के बाद भी कोई काम शुरू नहीं किया गया।

विज्ञापन एक्सप्रेस