12:51 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: दातागंज रोड रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज को लेकर सियासी घमासान तेज

बदायूं जिले के दातागंज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग इन दिनों राजनीतिक चर्चा का बड़ा केंद्र बन गई है। इस रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दोनों के दिग्गज नेता सक्रिय हो गए हैं। सपा सांसद आदित्य यादव ने जहां इस मुद्दे को संसद में उठाया है, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने रेल मंत्री से मुलाकात कर लिखित रूप से पैरवी की है।

यह रेलवे क्रॉसिंग जिला मुख्यालय बदायूं को दातागंज तहसील से जोड़ती है और बरेली–कासगंज रेलमार्ग पर स्थित है। पहले रेलवे प्रशासन ने यहां अंडरपास निर्माण की योजना बनाई थी, लेकिन स्थानीय किसानों ने इसका विरोध कर दिया। किसानों का कहना है कि अंडरपास से भारी वाहन नहीं निकल पाएंगे, जिससे गन्ना समेत अन्य फसलों को बदायूं मंडी तक पहुंचाने में भारी दिक्कत होगी।

किसानों के विरोध के बाद यह मुद्दा राजनीतिक रंग लेने लगा है। सपा और भाजपा दोनों ही दल अंडरपास की जगह ओवरब्रिज निर्माण की मांग कर रहे हैं और इसका श्रेय लेने की होड़ में जुटे हैं।

हाल ही में केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने बदायूं से दिल्ली और लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग के साथ-साथ दातागंज रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास के बजाय ओवरब्रिज बनाने का आग्रह किया। दूसरी ओर, सपा सांसद आदित्य यादव ने संसद में इस मुद्दे को उठाते हुए इसे किसानों के हित से जुड़ा मामला बताया और केंद्र सरकार से गंभीरता से विचार करने की मांग की।

अब देखना यह है कि किसानों की मांग और राजनीतिक दबाव के बीच रेलवे प्रशासन दातागंज रोड रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण को लेकर क्या फैसला करता है।

विज्ञापन एक्सप्रेस