बदांयू 5 दिसंबर।
दिसम्बर माह यानी पूस माह की शुरुआत के शुरू होते ही ठंड बढ़ती जा रही है। तापमान लुढ़कने का क्रम बृहस्पतिवार को भी बना रहा। लेकिन इस बार अधिकतम की जगह न्यूनतम तापमान में गिरावट हुई। अधिकतम तापमान 23 व न्यूनतम 11 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बढ़ी ठंड ने लोगों को परेशान किया।
बृहस्पतिवार को सर्दी का प्रभाव सुबह से दोपहर लगभग 11 बजे तक कम महसूस हुआ क्योंकि इस समय पछुआ हवा शांत रही। दोपहर से पहले तक लोग पार्कों व मैदान में धूप सेंकते और बच्चे धमा-चौकड़ी मचाते हुए देखे गए। इसके बाद आठ किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली पछुआ ने एकाएक लोगों को घर के भीतर जाने पर विवश कर दिया। सर्द पछुआ ऊनी कपड़ों के बाद भी सिहरन पैदा करने में कामयाब रही।
दोपहर 2 बजे के बाद बादलों की आवाजाही के कारण धुंध में बढ़ोतरी का क्रम शुरू हुआ तो शाम चार बजे के बाद से ही दृश्यता न्यून होती गई और ठंड भी मजबूत होती गई। मौसम विभाग का मानना है कि अभी मौसम शुष्क बना रहने वाला है, लेकिन पछुआ तापमान गिराने का काम करेगी।
कोहरे की संभावना अगले सप्ताह से बढ़ सकती है। मौजूदा समय में कोहरे से निजात मिली रहेगी। अगर हल्का कोहरा सुबह- शाम होता भी है तो दिन चढ़ने के साथ साफ होता जाएगा।
मौसम बैज्ञानिकों के अनुसार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पछुआ हवा बनी रहने वाली है। इससे तापमान में गिरावट का क्रम बना रहने वाला है। ठंड में इजाफे की संभावना है। कोहरे में वृद्धि अगले सप्ताह से संभावित है। इसके बाद शीतलहर की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
