प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल किया रेफ़र
बिल्सी। बिसौली-सहसवान मार्ग पर सोमवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव शरह बरौलिया के पास बाइक और साइकिल की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तत्काल बिल्सी सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाज़ुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया।
मिली जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई निवासी पान खां पुत्र चांद खां अपनी साइकिल से गांव शरह बरौलिया से अपने घर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बिसौली की ओर से तेज रफ्तार में आ रही बाइक ने उनकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। बाइक सवार की पहचान रविंद्र सिंह पुत्र जंडैल सिंह निवासी रुद्रपुर थाना भमोरा, जिला बरेली के रूप में हुई है। टक्कर इतनी भीषण थी कि साइकिल सवार पान खां और बाइक चालक रविंद्र सिंह दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत डायल-112 को सूचना दी और घायलों को बिल्सी अस्पताल पहुंचाने में मदद की। अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया कि दोनों घायलों के गंभीर चोटें होने पर उन्हे जिला अस्पताल रेफ़र कर दिया गया है। हादसे की जानकारी पुलिस को दे दी गई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
