राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूँ में आज दिनांक 29 नवंबर 2025 को गृह विज्ञान परिषद के अंतर्गत कबाड़ से जुगाड़ प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. वंदना की अध्यक्षता तथा गृह विज्ञान विभाग की प्रभारी डॉ. भावना सिंह के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुआ।प्रतियोगिता का उद्देश्य छात्राओं में सृजनात्मकता तथा संसाधनों के पुनः उपयोग की भावना को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम में प्रतिभागी छात्राओं ने अपने नवाचारी सोच और रचनात्मक कौशल का परिचय देते हुए घर की पुरानी एवं अनुपयोगी वस्तुओं—जैसे प्लास्टिक बोतलें, कपड़े के टुकड़े, पुराने कार्डबोर्ड, धातु के टुकड़े, टूटे खिलौने और लकड़ी के स्क्रैप—का उपयोग कर आकर्षक, सजावटी और उपयोगी वस्तुओं का निर्माण किया। इन स्वनिर्मित वस्तुओं में होम-डेकोर आइटम की अनेक अभिनव सामग्री शामिल थीं, जो छात्राओं की कल्पनाशीलता और कौशल का उत्कृष्ट उदाहरण पेश करती हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित निर्णायकों एवं शिक्षकों ने छात्राओं की रचनाओं की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, बल्कि छात्राओं में कौशल-विकास एवं आत्मनिर्भरता की भावना भी विकसित होती है। कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या डॉ. वंदना ने सभी प्रतिभागियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी प्रतियोगिताएँ आज के समय की आवश्यकता हैं, जो “रिड्यूस–रियूज़–रिसायकल” की अवधारणा को मजबूत करती हैं तथा विद्यार्थियों को नवाचार की ओर प्रेरित करती हैं। प्रतियोगिता में मुस्कान, अलीशा सहित 26 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल में श्रीमती अर्चना पाण्डेय, कु सरिता गौतम आदि मौजूद रहीं। प्रतियोगिता में फारिया सलीम एवं अलीशा ने संयुक्त रूप से प्रथम स्थान, तैबा एवं खुशनुमा ने संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान तथा तृतीय स्थान पर सुमैरा रहमान एवं मुस्कान रहीं।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

