1:01 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी सहकारी समिति पर खाद नहीं, फिर भी किसानों की भीड़ से लगा जाम, स्कूली बच्चे व राहगीर परेशान

उझानी बदांयू 17 नवंबर।

नगर क्षेत्र में रेलवे क्रॉसिंग रोड स्थित सहकारी समिति पर यूरिया और डीएपी की उपलब्धता न होने के कारण स्थानीय किसानों की भारी भीड़ सुबह से लगी हुई है। लोकी चौराहा के निकट, पुलिस स्टेशन के पीछे स्थित इस सहकारी समिति के बाहर डीएपी, यूरिया लेने वाले किसानों की लंबी कतारों ने पूरे मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है।

सड़क के दोनों किनारों पर सब्जी विक्रेताओं द्वारा लगाए गए ठेले और अस्थायी दुकानें पहले ही फुटपाथ को घेर चुकी थीं। ऐसे में खाद लेने आई भीड़ और लंबी लाइनों के कारण एक तरफ से दूसरे तरफ जाने का रास्ता लगभग बंद हो गया है। इस स्थिति ने आम जनता, खासकर दो पहिया, चार पहिया, और पैदल चलने वालों के लिए गंभीर परेशानी खड़ी कर दी है।

मार्ग अवरुद्ध होने के कारण वाहन लगातार फँस रहे हैं और चार पहिया वाहन धीमी गति से रेंगते हुए निकलने को मजबूर हैं। स्कूल जाने वाले बच्चों, स्टेशन जाने वाले राहगीर और कर्मचारियों के साथ साथ स्थानीय दुकानदारों को भी आवागमन में बड़ी बाधा का सामना करना पड़ रहा है। यह अव्यवस्था पुलिस स्टेशन के ठीक पीछे होने के बावजूद किसी भी प्रकार की व्यवस्था न होने के कारण लगातार बढ़ती जा रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि उर्वरकों की अचानक कमी, सहकारी समिति की अव्यवस्थित लाइन व्यवस्था, तथा फुटपाथ पर कब्जा जमाए ठेलों और दुकानों के कारण यह समस्या विकराल रूप ले चुकी है। लोगों को आशंका है कि यदि भीड़ और बढ़ी तो दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

जनता ने प्रशासन से मांग की है कि सहकारी समिति पर उचित प्रबंध सुनिश्चित किए जाएँ, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाया जाए, तथा भीड़ नियंत्रण के लिए तत्काल प्रभाव से पुलिस बल की तैनाती की जाए ताकि सड़क पर सुचारू यातायात बहाल हो सके और नागरिकों को राहत मिल सके।

राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस