कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव बल्लिया में सोमवार सुबह उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब ग्रामीणों ने घनी आबादी और देवस्थान के मार्ग से रोज गुजरने वाली मांस लदी मैजिक लोडर को रोक लिया। ग्रामीणों का कहना था कि यह गाड़ी प्रतिदिन सुबह पड़ोसी गांव वनेई की ओर जाती है और तुरंत वापस लौट आती है, जिससे ग्रामीणों में संदेह उत्पन्न हो गया था।
ग्रामीणों के अनुसार, उनके क्षेत्र में धार्मिक स्थल और घनी बस्ती होने के कारण इस मार्ग से मांस लदी गाड़ी का रोजाना गुजरना उपयुक्त नहीं है। इसी को लेकर सोमवार सुबह ग्रामीण एकत्र हुए और वाहन को रोककर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने वाहन के कागज़ात और मांस से जुड़े दस्तावेज़ों की विधिवत जांच की।
थाना प्रभारी राजेश कौशिक ने बताया कि मांस व्यापारी के पास वैध विक्री लाइसेंस है तथा गाड़ी में लाए गए मांस का मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है। ग्रामीणों के आग्रह पर यह सहमति बनी कि गाड़ी भविष्य में इस मार्ग से नहीं गुजरेगी और लाइसेंस में निर्धारित रूट का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
ग्रामीणों ने पुलिस की तत्पर कार्रवाई की सराहना की और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगांव
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

