कुंवरगांव (बदायूं)। क्षेत्र के किसानों में डीएपी खाद को लेकर नाराजगी बढ़ती जा रही है। सोमवार को कस्बे के साप्ताहिक बाजार स्थित साईं मंदिर के पास स्थित इफको किसान सेवा केन्द्र पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह तड़के से ही किसान खाद लेने के लिए लाइन में लग गए, लेकिन शाम तक अधिकांश किसान निराश होकर लौट गए।
किसानों का कहना है कि केन्द्र पर सीमित मात्रा में खाद दी जा रही है — एक खतौनी पर केवल एक कट्टा डीएपी या नैनो डीएपी दिया जा रहा है। इससे असंतुष्ट किसानों ने केन्द्र कर्मियों पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। किसानों के अनुसार, कर्मियों द्वारा अपने परिचितों को भारी मात्रा में खाद दी जा रही है जबकि असली जरूरतमंद किसानों को खाली हाथ लौटा दिया जा रहा है।
स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि महिलाएं भी घर का कामकाज छोड़कर खाद लेने लाइन में बैठ गईं। सोशल मीडिया पर जमीन पर रखे खतौनी और कागजों की लंबी लाइन का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
किसानों ने बताया कि समय पर खाद न मिलने से उनकी बुआई का कार्य प्रभावित हो रहा है। कई किसान मजबूरी में प्राइवेट दुकानों से महंगी या नकली खाद खरीदने को विवश हैं।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि खाद वितरण में पारदर्शिता लाई जाए और सेवा केन्द्र कर्मियों की जांच कराई जाए, ताकि असली किसान समय पर खाद प्राप्त कर सकें।
रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

