6:08 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

लंपी वायरस का कहर: बिसौली ब्लॉक में सरकारी दावों की खुली पोल, कागज़ों में चल रहा टीकाकरण अभियान

लंपी वायरस का कहर: बिसौली ब्लॉक में सरकारी दावों की खुली पोल, कागज़ों में चल रहा टीकाकरण अभियान

बिसौली ब्लाक के गांव नगला वन में बबलू सिंह के पशु लंपी वायरस की चपेट में आने के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। गांव में लंपी वायरस तेजी से फैलने लगा है। जहां एक ओर सरकार लंपी रोग से बचाव के लिए टीकाकरण अभियान चलाने के बड़े-बड़े दावे कर रही है, वहीं हकीकत में बिसौली ब्लॉक के कई गांवों में अब तक एक भी पशु का टीकाकरण नहीं हुआ है।ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन विभाग के कर्मचारी केवल कागजी खानापूर्ति कर रहे हैं। अधिकारी दावा करते हैं कि क्षेत्र में टीकाकरण अभियान लगातार जारी है, लेकिन हकीकत यह है कि न तो कोई टीम गांव पहुंची और न ही किसी पशु को लंपी का टीका लगाया गया।

नगला वन, सरेरा पिपरी शरह बरौलिया छिवऊ कलां स्वरूपपुर समेत आसपास के गांवों में हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं। कई पशु बीमारी की चपेट में हैं, जबकि कुछ की मौत की भी सूचना ग्रामीणों ने दी है। किसान अपने खर्चे पर दवाइयाँ खरीदकर इलाज करा रहे हैं, परंतु सरकारी मदद दूर-दूर तक नजर नहीं आ रही।
पशुपालक बबलू सिंह का कहना है — “सरकार कहती है कि हर पशु को लंपी से बचाने का टीका दिया जाएगा, लेकिन हमारे यहां कोई टीम नहीं आई। एक के बाद एक गाय बीमार हो रही हैं और विभाग के लोग सिर्फ सर्वे कर चले जाते हैं।”ग्रामीणों का आरोप है कि जब तक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचेंगे और वास्तविक टीकाकरण शुरू नहीं होगा, तब तक बीमारी को रोकना मुश्किल है।
लंपी वायरस से पशुओं की जान तो जा ही रही है, साथ ही गरीब किसान की आर्थिक स्थिति भी चरमरा रही है।सरकार को चाहिए कि वह तुरंत कार्रवाई कर ब्लॉक स्तर पर वास्तविक टीकाकरण सुनिश्चित कराए, ताकि गांवों में बीमारी के बढ़ते प्रकोप पर काबू पाया जा सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस