8:03 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला को कुंवरगांव पुलिस ने सकुशल घर पहुंचाया, मानवता की मिसाल पेश की

कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के ग्राम बरखिन में शुक्रवार की रात उस समय लोगों में हलचल मच गई जब एक मानसिक रूप से विक्षिप्त महिला गांव में इधर-उधर भटकती नजर आई। ग्रामीणों को जब महिला की स्थिति समझ में नहीं आई तो उन्होंने तत्काल इसकी सूचना थाना कुंवरगांव पुलिस को दी।

 

सूचना मिलते ही थाना प्रभारी वेदपाल सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक रामेश्वर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने महिला से शांतिपूर्वक बातचीत कर उसका नाम पता जानने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान महिला की पहचान पूजा पुत्री किशनलाल प्रजापति, उम्र लगभग 30 वर्ष, निवासी मोहल्ला खेड़ा, कस्बा एवं थाना आंवला, जनपद बरेली के रूप में हुई।

 

महिला को सुरक्षित समझाते हुए पुलिस ने उसे अपनी गाड़ी में बैठाया और टीम ने उसे सकुशल उसके घर तक पहुंचाया। वहां पहुंचने पर पुलिस ने महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला को सुरक्षित घर पहुंचाने पर उसके परिजन भावुक हो उठे और कुंवरगांव पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए उनकी जमकर सराहना की।

 

थाना प्रभारी वेदपाल सिंह ने बताया कि मानवता ही पुलिस की सबसे बड़ी पहचान है, और ऐसे मामलों में संवेदनशीलता से काम लेना सबसे आवश्यक है।

 

स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस तत्परता और मानवीयता की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों से जनता का पुलिस पर भरोसा और अधिक मजबूत होता है।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवर गांव।

विज्ञापन एक्सप्रेस