थाना कुंवरगांव क्षेत्र के हरनाथपुर गांव में बुधवार की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें डेढ़ साल की मासूम बच्ची ने अपनी जान गंवा दी। घटना करीब शाम 4 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, हरनाथपुर निवासी आशीष की डेढ़ साल की बेटी सौम्या घर पर खेल रही थी। इस दौरान उसकी मां घरेलू कामों में व्यस्त थी। खेलते-खेलते सौम्या पानी से भरे टब के पास पहुंच गई और अचानक उसमें गिरकर डूब गई। यह सब इतनी जल्दी हुआ कि किसी को पता भी नहीं चला।
कुछ देर बाद जब मां ने बच्ची को नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। तभी उसने देखा कि बच्ची टब में डूबी हुई है। मां के शोर मचाने पर घर के अन्य लोग दौड़कर पहुंचे और आनन-फानन में बच्ची को टब से बाहर निकाला। परिवारजन तुरंत उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मासूम की मौत से पूरे गांव में गम का माहौल है। परिजनों ने बच्ची के शव को घर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू कर दी है।
यह घटना इस बात की ओर इशारा करती है कि छोटे बच्चों को अकेला छोड़ना बेहद खतरनाक हो सकता है। पानी से भरे बर्तन, टब या गड्ढे जैसी चीजों से सावधानी बरतना जरूरी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

