जनहित सत्याग्रह मोर्चा और क्रांतिकारी लोक अधिकार संगठन के तत्वाधान में ओमप्रकाश वाल्मीकि जी के जन्मदिवस पर एक परिचर्चा का आयोजन किया गया। यहां उपस्थित साथियों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। यह आयोजन बदायूं स्थित डा भीमराव अंबेडकर पार्क निकट जिला अस्पताल बदायूं में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने की। सभा को संबोधित करते हुए मोर्चा के अध्यक्ष प्रेमपाल सिंह ने कहा कि ओमप्रकाश वाल्मीकि का जन्म 30 जून 1950 को मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) जिले के बरला गांव में हुआ। उन्होंने अपनी शिक्षा अपने गांव और देहरादून से प्राप्त की। उनका बचपन सामाजिक एवं आर्थिक कठिनाइयों में बीता। आरंभिक जीवन में उन्हें जो आर्थिक, सामाजिक और मानसिक कष्ट झेलने पड़े उसकी उनके साहित्य में मुखर अभिव्यक्ति हुई है। वे कुछ समय तक महाराष्ट्र में रहे। वहाँ वे दलित लेखकों के संपर्क में आए और उनकी प्रेरणा से भीमराव अंबेडकर की रचनाओं का अध्ययन किया। इससे उनकी रचना-दृष्टि में बुनियादी परिवर्तन हुआ। तेजेंद्र सिंह यादव ने बताया ओमप्रकाश वाल्मीकि जी के अनुसार दलितों द्वारा लिखा जाने वाला साहित्य ही दलित साहित्य है। उनकी मान्यतानुसार दलित ही दलित की पीड़ा को बेहतर ढंग से समझ सकता है और वही उस अनुभव की प्रामाणिक अभिव्यक्ति कर सकता है। इस आशय की पुष्टि के तौर पर रचित अपनी आत्मकथा जूठन में उन्होंने वंचित वर्ग की समस्याओं पर ध्यान आकृष्ट किया है।सामाजिक कार्यकर्ता एड सुनील बाल्मिकी ने बताया साहित्य के क्षेत्र में वे चर्चित और स्थापित हुए 1997 में प्रकाशित अपनी आत्मकथा ‘जूठन’ से। इस आत्मकथा से पता चलता है कि किस तरह वीभत्स उत्पीड़न के बीच एक दलित रचनाकार की चेतना का निर्माण और विकास होता है। किस तरह दलित आंदोलन का क्रांतिकारी योद्धा ओमप्रकाश वाल्मीकि बनता है। दरअसल, यह दलित चेतना के निर्माण का दहकता हुआ दस्तावेज है। साथी संजीव मार्शल ने कहा ऐसी प्रतिभाओं के धनी और क्रांतिकारी योद्धा को आज के दौर में याद करना बेहद जरूरी है। और इनसे प्रेरणा लेकर हम सभी को जातिवाद, छुआछूत, अंधविश्वास, पाखंड , साम्प्रदायिकता जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ संघर्ष करने की जरूरत है। इस अवसर पर कार्यक्रम में हर्षवर्धन,संजीव मार्शल,मृदुलेश यादव,एम एस लाल,सत्यपाल सिंह शाक्य,सतीश कुमार,बसपा जिलाध्यक्ष आरoपी त्यागी, चिरौंजी लाल एडवोकेट,रामचंद्र, नीरज बाल्मिकी,इशुदास,राम बहादुर, कृष्ण गोपाल,मोनू,सार्थक, विवेक कुमार,आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन महामंत्री चरण सिंह यादव ने किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
