उझानी बदांयू 10 जून।
चढ़ते पारे के साथ ही बिजली व्यवस्था धराशायी होने लगी है। लोड बढ़ने के साथ ही ट्रिपिंग ने परेशान करना शुरू कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में चार घंटे तक की कटौती की जा रही है। इससे लोग उमस भरी गर्मी में बेहाल हो रहे हैं। जबकि मंगलवार को पारा 43 डिग्री तक पहुंच गया।
बिजली के तार व खंभे बदले जाने वाली रिवैंप योजना के तहत भले ही सुविधाओं का बढ़ाने के लिए लंबा चौड़ा बजट खर्च किया गया हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे कहीं जुदा है। विभाग के निर्बाध बिजली आपूर्ति के दावे कहीं टिक नहीं पा रहे हैं। शहरी क्षेत्राें के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्र में भी बिजली कटौती हो रही है। कहीं फाल्ट तो कहीं ट्रांसफार्मर फुंकने के कारण काफी देर तक बिजली गायब रहती है।
बिजली की आवाजाही और अघोषित कटौती के साथ ट्रिपिंग ने लोगों का हाल-बेहाल कर रखा है। गर्मी और उमस में बिजली न होने से शहर से लेकर गांव तक लोग परेशान हैं। दिन में कई-कई घंटे बिजली कट रही है। इन्वर्टर भी चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। रात के समय भी नींद उड़ रही है। बिजली कटौती के समय कर्मचारी भी जानकारी देने के लिए फोन उठाने से बचते हैं। इससे लोगों को ओर अधिक परेशानी होती है। बिजली कटौती के कारण पेयजल की किल्लत भी झेलना पड़ रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com