उझानी बदांयू 17 मई।
गर्मी के तल्ख तेवरों से शुक्रवार की शाम तक लोग तपते रहे। रात आठ बजे आई तेज आंधी से चारों तरफ धूल के गुबार छा गए, जिससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। बूंदाबांदी भी हुई। हालांकि मौसम के तेवर जरूर नरम पड़ गए। आंधी से फिलहाल कहीं से किसी बड़े नुकसान की कोई खबर नहीं है। शहर सहित देहात क्षेत्र के 40 से 50 गांवों की विधुत सप्लाई जरूर बाधित हुई है।
पिछले तीन दिनों से गर्मी के तेवर काफी तेज थे शुक्रवार को तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही धूप की तपिश से सड़क, दीवारें और छतें दहकती रहीं। दोपहर में गर्म हवाओं की मार बदन झुलसाती महसूस हुई। लोग घर, दुकान और दफ्तरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। बेहद जरूरी होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले। पूरी दोपहर सड़कों पर आवाजाही कम रही। सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। दुकानदार हाथ पर हाथ रखकर ग्राहकों का इंतजार करते रहे।
रात करीब आठ बजे मौसम ने एकाएक पलटी मारी। तेज हवाओं के साथ आई धूल भरी आंधी से चारों तरफ धूल का गुबार छा गया। धूल से बचने के लिए लोग सुरक्षित स्थानों पर खड़े हो गए। हाइवे पर वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। आंधी करीब 20 मिनट चली, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आ गई।
————————–
आंधी से टूटे बिजली के खंभा, गिरे पेड कई जगह टूटे तार। शहर सहित गांवों की बिजली ठप।
शुक्रवार की रात को आई तेज आंधी के कारण हाइवे स्थित एपीएस स्कूल के समीप तार टूटकर गिर गये। वहीं बदायूं रोड पर एक बिजली के पोल गिरने की भी सूचना है। वहीं देहात क्षेत्र में कई जगह पेड गिरने से भी बिजली सप्लाई प्रभावित रही। जिससे इस लाइन से जुड़े करीब 50 गांवों की बिजली ठप हो गई। शाम ढलने के बाद बिना बिजली के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर की सप्लाई आंधी जाने के बाद कर्मचारियों ने लाइनों को दुरुस्त कर 11 बजे सुचारू कर दिया। वहीं देहात क्षेत्र की सप्लाई सुबह तक सुचारू चलने की उम्मीद जताई जा रही है। जेई अमित कुमार ने बताया कि कर्मचारियों की टीम को लगाकर खंभे और लाइन को सही कराया जा रहा है।——————————- राजेश वार्ष्णेय एमके






badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

