बदायूं। दातागंज विधानसभा से प्रत्याशी रहे व पूर्व जिला उपाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य आतिफ खांन जख्मी ने अपने दर्जनों कार्यकर्ताओं समेत पार्टी से इस्तीफा दे दिया। उनका कहना है कि कांग्रेस नेतृत्व और प्रभारियों ने दातागंज विधानसभा की अनदेखी की है। इससे कार्यकर्ता लगातार नाराज थे। कार्यकर्ताओं के कहने पर उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दिया गया है।
वह लंबे समय से कांग्रेस पार्टी में एक सिपाही के रूप में कार्य कर रहे थे, विधानसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं। लेकिन शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें अनदेखा कर एक गैर जनपद के निवासी को पार्टी का जिलाध्यक्ष बना दिया। इससे जिले भर के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है। उनका दावा है कि उन्होंने इस्तीफा देकर पहल की है अब कई अन्य नेता भी इस्तीफा दे सकते हैं।
उनके साथ म्याऊं ब्लाक के पूर्व अध्यक्ष रामपाल शाक्य, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष समरेर मो इशहाक, पूर्व ब्लाक अध्यक्ष दातागंज अजहर हुसैन, पीसीसी सदस्य छोटे लाल भुजवल, पीसीसी सदस्य एजाज खांन, पूर्व नगर अध्यक्ष दातागंज मो कय्यूम कादरी, म्याऊं ब्लाक उपाध्यक्ष श्रीओम, पूर्व जिला सचिव इदरीश तूफानी, पूर्व जिला सचिव असलम अल्वी, समरेर ब्लाक उपाध्यक्ष हनीफ अल्वी, समरेर ब्लाक महासचिव शफी अहमद आदि ने इस्तीफा दिया है। वहीं चर्चा है कि आतिफ खांन अपने कार्यकर्ताओं के साथ किसी अन्य पार्टी की सदस्यता ले सकते हैं।











badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

