1:59 pm Sunday , 19 July 2026
BREAKING NEWS

शादियों में आधुनिकता के साथ थीम वेडिंग की बढ़ी मांग

। ******** उझानी बदांयू 30 जनवरी । आधुनिकता के साथ शादी समारोह में परंपरा व रीति रिवाज के बीच बदलाव दिख रहा है। आज थीम वेडिंग की मांग बढ़ी है। इसके चलते मैरिज लॉन, हॉल व टेंट, डीजे, वीडियोग्राफी सहित अन्य का कारोबार बढ़ा है। इस समय शादी समारोह के हर कार्यक्रम में अलग-अलग थीम पर व्यवस्था देने की मांग है।

थीम वेडिंग में हर रस्म को निभाने के लिए खास डेकोरेशन आइडिया, सब्जेक्ट के आधार पर सभी व्यवस्था होती है। दूल्हा और दुल्हन के साथ परिजन पारंपरिक साज-सजावट से अलग हटकर यूनिक, साज-सज्जा की मांग कर रहे हैं। मैरिज लॉन संचालक सुवीत वार्ष्णेय बताते हैं कि दूल्हा, दूल्हन व परिजनों की मांग व बजट के अनुसार कार्यक्रम स्थल को थीम आधारित सजाया जाता है। इको फ्रेंडली वेडिंग थीम इन दिनों खास चलन में है।

राजस्थानी वेडिंग थीम, बीच वेडिंग थीम, राजशाही वेडिंग थीम, फेयरी टेल वेडिंग थीम की भी मांग है। बताया कि लॉन व पंडाल को लाइटिंग और फूलों की सजावट से खास लुक दिया जाता है। थीम आधारित शादियों में छोटी-छोटी चीजों पर बहुत ध्यान देना पड़ता है। शादी के दौरान ग्रुप डांस के साथ वर-वधू का प्रवेश, फ्लावर पैकेजिंग थीम, ट्रॉली पर जयमाल, वर-वधू के बड़े पोस्टर, म्यूजिक पार्टी, सिंगरों की भी मांग है। पार्लर संचालिका बताती हैं कि अब थीम आधारित दूल्हा-दुल्हन की साज-सज्जा की मांग बढ गई है।

शादी कार्यक्रम तय होने के बाद मेहंदी कार्यक्रम सहित अन्य रस्में थीम आधारित हो गई हैं। पहले महिलाएं एकत्रित होकर रीति रिवाज के अनुसार कार्यक्रम को संपन्न कराती थीं। अब इसका स्वरूप बदला है। आज लॉन, हॉल, होटल में मेहंदी आदि की रस्म थीम के आधार पर हो रही है।———————– राजेश वार्ष्णेय एमके

विज्ञापन एक्सप्रेस