7:32 pm Monday , 10 August 2026
BREAKING NEWS

कुंवरगांव – सिगोई में सरकारी ट्रांसफार्मर से निजी नलकूपों को बिजली देने का मामला, भाकियू ने की कार्रवाई की मांग

जेई के खिलाफ निलंबन की मांग, डीएम को सौंपा शिकायती पत्र; सात दिन में कार्रवाई न होने पर धरने की चेतावनी

कुंवरगांव (बदायूं)। उपकेंद्र कुंवरगांव क्षेत्र के गांव सिगोई में सरकारी ट्रांसफार्मर से निजी नलकूपों को विद्युत आपूर्ति दिए जाने के मामले में भारतीय किसान यूनियन असली ने कार्रवाई की मांग की है। संगठन के जिलाध्यक्ष केपीएस राठौर ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर जांच में दोषी पाए गए अवर अभियंता के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

विभागीय जांच के बाद अवर अभियंता चिरंजी लाल को कुंवरगांव बिजलीघर से हटाकर डिवीजन कार्यालय बदायूं से संबद्ध कर दिया गया है। वहीं कुंवरगांव बिजलीघर की जिम्मेदारी अवर अभियंता मियां कुरैशी को दी गई है। मामले में विभागीय कार्रवाई अभी जारी है।

बिना स्वीकृत एस्टीमेट के चार निजी नलकूपों को कनेक्शन देने का आरोप

ग्रामीणों के अनुसार, सिगोई गांव की विद्युत आपूर्ति के लिए सरकारी ट्रांसफार्मर लगाया गया था। आरोप है कि ट्रांसफार्मर में खराबी आने के बाद उसी ट्रांसफार्मर से चार निजी नलकूपों को विद्युत कनेक्शन दे दिए गए। इसके लिए दो पोल लगाकर बिना स्वीकृत एस्टीमेट के लाइन खींचे जाने की भी शिकायत की गई थी।

ग्रामीणों का कहना है कि निजी नलकूपों को विद्युत आपूर्ति दिए जाने के कारण गांव की सप्लाई प्रभावित हुई और लो-वोल्टेज की समस्या सामने आने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की शिकायत बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से की।

दो अधिकारियों की टीम ने की जांच

शिकायत के बाद अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने मामले की जांच अधिशासी अभियंता डिवीजन द्वितीय नागेंद्र कुमार और अधिशासी अभियंता परीक्षण केके शर्मा को सौंपी थी। दोनों अधिकारियों की टीम ने जांच पूरी कर रिपोर्ट अधीक्षण अभियंता को सौंप दी। विभाग के अनुसार जांच में अवर अभियंता चिरंजी लाल को प्रथमदृष्टया दोषी पाया गया।

अधीक्षण अभियंता अजय कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर जेई का आरोप पत्र तैयार किया गया है। उन्हें कुंवरगांव बिजलीघर से हटाकर डिवीजन कार्यालय बदायूं से संबद्ध कर दिया गया है। विभागीय कार्रवाई के लिए आरोप पत्र मुख्य अभियंता बरेली को भेजा गया है।

भाकियू ने सात दिन में कार्रवाई की मांग की

भाकियू असली के जिलाध्यक्ष केपीएस राठौर ने डीएम को दिए शिकायती पत्र में कहा कि विभागीय जांच में दोषी पाए जाने के बाद जेई के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। संगठन ने मामले में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के आरोपों की भी निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

केपीएस राठौर ने कहा कि यदि सात दिन के अंदर दोषी जेई के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई नहीं की गई तो भारतीय किसान यूनियन असली अधीक्षण अभियंता कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करेगी।

शिकायती पत्र सौंपने के दौरान हरीश पटेल, हरबंस पटेल, प्रताप सिंह, जसवीर यादव, विपिन माहेश्वरी, अशोक कुमार, बबलू, राजपाल सिंह, खान बहादुर, गंगा सिंह, महेश पाल और सूरजपाल सिंह समेत अन्य किसान मौजूद रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस