बिसौली। तहसीलदार कोर्ट में उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब एक अधिवक्ता और तहसीलदार के पेशकार के बीच फाइल पर आदेश किए जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला कहासुनी से बढ़कर झड़प तक पहुंच गया। घटना के दौरान मौके पर अन्य अधिवक्ता भी पहुंच गए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शुक्रवार शाम को अधिवक्ता राकेश शर्मा के मुताबिक, उनके क्लाइंट की फाइल तहसीलदार कोर्ट में बहस के लिए प्रचलित थी। आरोप है कि मामले में बहस पूरी होने से पहले ही शुक्रवार को पेशकार ने आदेश करा दिया। अधिवक्ता ने आदेश किए जाने का विरोध किया और मामले में आपत्ति जताई। राकेश शर्मा का आरोप है कि विरोध करने पर पेशकार अभद्रता पर उतर आया और उनके साथ हाथापाई की। अधिवक्ता का आरोप है कि पेशकार ने उनका गिरेबान पकड़ लिया, जिससे उनके कपड़े भी फट गए। विवाद बढ़ने पर तहसील परिसर में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही। घटना की जानकारी मिलते ही अन्य अधिवक्ता भी मौके पर पहुंच गए और मामले को शांत कराने का प्रयास किया। तहसील परिसर में हुई इस घटना को लेकर अधिवक्ताओं में भी नाराजगी दिखाई दी। इधर, घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें तहसीलदार कोर्ट में अधिवक्ता और पेशकार के बीच विवाद और हंगामा होता दिखाई दे रहा है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

