1:44 pm Tuesday , 4 August 2026
BREAKING NEWS

बिसौली में वन विभाग का बड़ा प्रहार – फड़ पर छापा, पापड़ी-जामुन की लकड़ी बरामद

बदायूं: अवैध लकड़ी तस्करी पर वन विभाग का बड़ा प्रहार, बिसौली में फड़ पर छापा, पापड़ी-जामुन की लकड़ी बरामद।

बदांयू 4 अगस्त।

अवैध लकड़ी तस्करी पर लगाम लगाने के लिए वन विभाग ने बिसौली क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। सामाजिक वानिकी प्रभाग की टीम ने सूचना के आधार पर इस्लामनगर-बिसौली मार्ग पर स्थित एक लकड़ी फड़ पर छापेमारी कर पापड़ी और जामुन की लकड़ी बरामद की है।

सामाजिक वानिकी प्रभाग, बिसौली रेंज को मिली जानकारी के बाद क्षेत्रीय वन अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने फड़ की जांच की। पूछताछ में सामने आया कि बरामद लकड़ी सिधुपुर, बिसौली और फतेहपुर के बीच इस्लामनगर-बिसौली मार्ग के 15 से 16 किलोमीटर के आसपास से लाई गई थी। तस्कर इसे गिरे और उखड़े पेड़ों की बताकर अवैध रूप से बेच रहे थे।

वन विभाग ने बरामद लकड़ी को सुरक्षित अभिरक्षा में रखवा दिया है। साथ ही फड़ संचालक के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

कार्रवाई के बाद विभाग ने पूरे क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था की समीक्षा भी की। जांच में सेक्शन प्रभारी और बीट प्रभारी की भूमिका खंगाली जा रही है।

एसडीओ ज्ञान सिंह ने बताया कि पेड़ों के अवैध कटान और लकड़ी तस्करी रोकने के लिए विभाग लगातार अभियान चला रहा है। उन्होंने साफ कहा कि इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस