6:37 pm Friday , 31 July 2026
BREAKING NEWS

बिसौली- आशुतोष मौर्य विधायक ने की स्मार्ट स्कूल की घोषणा, फाउंडेशन ने बच्चों में बांटे छाते

बिसौली के सरकारी स्कूल को बड़ी सौगात… विधायक ने की स्मार्ट स्कूल की घोषणा, फाउंडेशन ने बच्चों में बांटे छाते
बिसौली (बदायूं)। बरसात के मौसम में सरकारी स्कूल के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान बिखेरने वाला एक सराहनीय आयोजन आसफपुर क्षेत्र के संविलियन विद्यालय बंजरिया में देखने को मिला। विनेश सक्सैना फैमिली फाउंडेशन ने सभी छात्र-छात्राओं को छाते वितरित किए, वहीं क्षेत्रीय विधायक आशुतोष मौर्य उर्फ राजू ने विद्यालय को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित करने की घोषणा कर इसे आधुनिक शिक्षा की दिशा में बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि यह पहल प्रदेश में एक नजीर साबित होगी।
शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद स्कूली बच्चों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, शैक्षिक एवं देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण विधायक आशुतोष मौर्य की घोषणा रही। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से विद्यालय को स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके तहत स्मार्ट क्लास, आधुनिक शिक्षण संसाधन और आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मॉडल प्रदेश के अन्य सरकारी विद्यालयों के लिए भी प्रेरणा बनेगा।
खंड शिक्षा अधिकारी आसफपुर राजेंद्र प्रसाद ने विभाग की विभिन्न शैक्षिक योजनाओं की जानकारी देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर जोर दिया। वहीं विनेश सक्सैना फैमिली फाउंडेशन के अध्यक्ष अनिल सक्सैना ने कहा कि संस्था लगातार शिक्षा, समाजसेवा और जरूरतमंद बच्चों की सहायता के लिए कार्य कर रही है। बच्चों तक आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना फाउंडेशन की प्राथमिकता है।
कार्यक्रम के अंत में प्रदेश अध्यक्ष शैक्षिक नवाचार एसोसिएशन एवं प्रधानाध्यापक मनोज कुमार सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक, ग्रामवासी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। स्मार्ट स्कूल की घोषणा और छाता वितरण ने इस आयोजन को बच्चों के लिए यादगार बना दिया, वहीं विद्यालय को आधुनिक शिक्षा की नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस