बिसौली। तहसील परिसर में सोमवार को अधिवक्ताओं और नायब तहसीलदार मो. हारिस के बीच हुए विवाद ने कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा कर दी। अधिवक्ताओं का आरोप था कि नायब तहसीलदार ने उनसे बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जिससे अधिवक्ताओं में नाराजगी फैल गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई।
घटना से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। इसके बाद सभी अधिवक्ता एसडीएम कार्यालय के सामने बरामदे में दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। उन्होंने नायब तहसीलदार के व्यवहार पर कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की। धरने के दौरान तहसील परिसर में काफी देर तक हलचल और गहमागहमी बनी रही। सूचना मिलने पर एसडीएम प्रियंका गोयल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने अधिवक्ताओं और नायब तहसीलदार दोनों की बात ध्यानपूर्वक सुनी तथा आपसी संवाद के जरिए विवाद को समाप्त कराया। एसडीएम के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि भविष्य में अधिकारियों द्वारा इस प्रकार का व्यवहार दोहराया गया तो वे आंदोलन करने को विवश होंगे। धरना प्रदर्शन में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अल्ताफ हुसैन, दिनेश चंद्र शर्मा, केपी सिंह, अभीक्ष पाठक, गजेंद्र यादव, विवेक तिवारी, सत्यपाल, हृदेश शर्मा, बलवीर सिंह यादव, हरेन्द्र सिंह, सचिन सक्सेना, राजीव, सुनील चौहान, योगेश मौर्य, इकरार अहमद, अबरार खान, उमेश शंखधर, वेदप्रकाश सक्सेना, राजेश सक्सेना, अनिल शर्मा, राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
