5:19 pm Friday , 24 July 2026
BREAKING NEWS

वजीरगंज में आज तक नहीं बना बस अड्डा, यात्रियों को उठानी पड़ रही भारी परेशानी

वजीरगंज। मुरादाबाद–फर्रुखाबाद राजमार्ग पर स्थित जिले की प्रमुख मंडियों में शुमार वजीरगंज कस्बा आज भी एक मूलभूत सुविधा से वंचित है। क्षेत्र की आर्थिक और व्यापारिक दृष्टि से महत्वपूर्ण पहचान होने के बावजूद यहां अब तक रोडवेज बस अड्डे का निर्माण नहीं हो सका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वजीरगंज में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, राजनीतिक दलों के नेता, धर्मप्रेमी, खेलप्रेमी और जागरूक नागरिकों की कोई कमी नहीं है, लेकिन वर्षों से बस अड्डे की मांग पूरी नहीं हो सकी। ऐसे में यात्रियों को बसों का इंतजार सड़क किनारे करना पड़ता है, जिससे आए दिन असुविधा और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह कस्बे का दुर्भाग्य है कि आजादी के दशकों बाद भी यहां बस अड्डे जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध नहीं हो सकी। उनका कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो वजीरगंज आज भी पुराने दौर में जी रहा हो, जहां आम जनता की मूलभूत जरूरतों की ओर किसी का ध्यान नहीं है।

स्थानीय नागरिकों ने शासन और परिवहन विभाग से मांग की है कि वजीरगंज में शीघ्र आधुनिक रोडवेज बस अड्डे का निर्माण कराया जाए, ताकि यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिल सके और क्षेत्र के व्यापार तथा आवागमन को भी नई गति मिले।

विज्ञापन एक्सप्रेस