10:04 am Saturday , 25 July 2026
BREAKING NEWS

दूध से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने श्रद्धालुओं से भरे वाहन को मारी टक्कर, दो की मौत, नौ घायल

बदायूं

दूध से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने श्रद्धालुओं से भरे वाहन को मारी टक्कर, दो की मौत, नौ घायल

केशव गुप्ता

बिसौली। बदायूं जनपद के बिसौली क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ लोग घायल हो गए। हादसा डीपाल स्कूल के सामने उस समय हुआ, जब बैन गांव से फकावली-आसफपुर की ओर जा रहे श्रद्धालुओं से भरे वाहन को दूध से लदी तेज रफ्तार पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
हादसे में देहमूं, बिल्सी निवासी मुंशीलाल (36) पुत्र नेक्सों तथा कटोरी (65) पत्नी लीलाधर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं फूल सिंह (40), उनकी पत्नी सर्वेश (38), पुत्र गौरव (9), अखिलेश (18), शिवम (16), मुंशीलाल की पत्नी बॉबी (35), पुत्र संजू (18), वाहन चालक हेमसिंह (32) पुत्र केवल निवासी बैन थाना बिल्सी तथा अंशुमान पुत्र दुर्गेश निवासी बैन गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसौली ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने फूल सिंह, हेमसिंह, गौरव और संजू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बदायूं रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर फरार पिकअप चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी कर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस