कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदांयू । थाना पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी की घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया ई-रिक्शा बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार चोरी हुआ वाहन सोमवार देर रात थाना बिनावर क्षेत्र के गांव कुंडरा निवासी बालजीत के घर से बरामद किया गया। इसके बाद मंगलवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
नगर पंचायत कुंवरगांव के वार्ड संख्या-7 निवासी राकेश साहू ने 27 जुलाई की रात घर के बाहर चार्जिंग पर खड़े लाल रंग के ई-रिक्शा की चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए सूरज पुत्र रमेश, गुड्डू पुत्र मनोहर (दोनों निवासी कस्बा कुंवरगांव) तथा राजकुमार पुत्र बालजीत निवासी गांव कुंडरा, थाना बिनावर को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया ई-रिक्शा बरामद कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की गई।
वहीं, कुछ दिन पहले नगर में एक अन्य ई-रिक्शा से हजारों रुपये मूल्य की बैटरियां चोरी होने की घटना का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, जिसे लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।
इसी दौरान आरोपियों की पैरवी करने थाने पहुंचे कस्बे के एक व्यापारी को पुलिस ने पूछताछ के लिए थाने में बैठा लिया। बताया जाता है कि दोनों आरोपी उसके यहां आढ़त पर काम करते थे। पुलिस से कहासुनी के बाद व्यापारी को कुछ देर तक थाने में रखा गया और बाद में छोड़ दिया गया। इस घटनाक्रम की भी नगर में दिनभर चर्चा रही।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
