1:42 pm Sunday , 9 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: शराब कारोबारी के घर लूट की सूचना निकली फर्जी, मारपीट- फायरिंग में 4 गिरफ्तार।

बदायूं: शराब कारोबारी के घर लूट की सूचना निकली फर्जी, मारपीट-फायरिंग में 4 गिरफ्तार।


कादरचौक के गनियाई गांव का मामला, शराब बेचने के विवाद में हुई थी घटना।

बदायूं 9 अगस्त।

जिले में एक शराब कारोबारी के घर लूट की सूचना फर्जी निकली है। पुलिस जांच में सामने आया कि यहां लूट नहीं हुई थी, बल्कि शराब बेचने को लेकर हुए विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। पुलिस ने इस मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

कादरचौक थाना क्षेत्र के गनियाई गांव निवासी अमर सिंह के घर में ही देसी शराब का ठेका है। वह टेंट का कारोबार भी करते हैं। अमर सिंह और उनकी पत्नी तारावती ने पुलिस को सूचना दी थी कि शुक्रवार रात करीब 12 बजे उनके घर में बदमाश घुस आए और 38 हजार रुपये नकद सहित लगभग 4 लाख रुपये के जेवरात लूट ले गए।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को मामला संदिग्ध लगा। शनिवार को परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए गए। पूछताछ में यह पुष्टि हुई कि लूट की कोई घटना नहीं हुई थी।

बाद में शराब कारोबारी ने अपनी तहरीर में बताया कि रात को कुछ लोग उनके घर से शराब लेने आए थे। मना करने पर उनके साथ मारपीट की गई। शोर मचाने पर गांव वाले इकट्ठा हुए, जिसके बाद आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने इस मामले में अनिल, मनीराम, सतेंद्र और नीरज नामक चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसपी सिटी अभिषेक सिंह ने बताया कि यह लूट की घटना नहीं थी, बल्कि केवल मारपीट और फायरिंग हुई थी। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस