1:13 pm Friday , 7 August 2026
BREAKING NEWS

कछला गंगा उफान पर, निचले इलाकों में बढ़ी बाढ़ की चिंता

उझानी-बदांयू 7 अगस्त।

पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश का असर अब मैदानी इलाकों में साफ दिखने लगा है। अलकनंदा और मंदाकिनी नदियों का पानी गंगा में मिलने से बदांयू जिले में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इसका सबसे ज्यादा असर कछला गंगा घाट पर देखने को मिल रहा है।

बृहस्पतिवार दोपहर हरिद्वार, बिजनौर और नरौरा बैराजों से पानी का दबाव बढ़ाए जाने के बाद प्रवाह में और इजाफा कर दिया गया। इससे जिला प्रशासन और तटीय इलाकों के लोगों की चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं।

कछला ब्रिज पर फिर खतरे के निशान के करीब पानी पहुंच गया है,
कछला ब्रिज पर गुरुवार सुबह गंगा का जलस्तर 162.10 मीटर दर्ज किया गया, जिसमें लगातार बढ़ोतरी हो रही है। विभाग ने जलस्तर में और वृद्धि की आशंका जताई है।

बिजनौर बैराज से सुबह 8 बजे 1.33 लाख क्यूसेक पानी का प्रवाह था जो दोपहर 3 बजे तक बढ़कर 1.97 लाख क्यूसेक पर पहुंच गया।
वहीं नरौरा बैराज से सुबह 99 हजार क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था, जो शाम को बढ़कर 1.14 लाख क्यूसेक हो गया।

बदांयू तहसील के निचले इलाकों में पिछले कई दिनों से बाढ़ के हालात बने हुए हैं। पहले पानी कम होकर स्थिति सामान्य हो रही थी, लेकिन गुरुवार को गंगा के तेवर फिर तल्ख हो गए।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता ने सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

प्रशासन ने कछला,उसहैत, दातागंज व आसपास के ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी किनारे न जाएं और सतर्क रहें।

विज्ञापन एक्सप्रेस