12:38 pm Friday , 7 August 2026
BREAKING NEWS

बदांयू: पिता की गंगा स्नान की इच्छा पूरी करने को 4 बेटों ने उठाई अनोखी कांवड़

बदांयू: पिता की गंगा स्नान की इच्छा पूरी करने को 4 बेटों ने उठाई अनोखी कांवड़, एक पलड़े में पिता दूसरे में 51 लीटर गंगाजल।

बदांयू 7 अगस्त।

सावन का महीना चल रहा है और भोलेनाथ को रिझाने के लिए भक्त तरह-तरह के उपाय कर रहे हैं। इसी बीच पूरनपुर क्षेत्र के चार भाइयों ने पितृभक्ति की ऐसी मिसाल पेश की है जिसे देखकर हर कोई नतमस्तक हो गया।

पूरनपुर निवासी बुजुर्ग गोवर्धन सिंह की काफी समय से गंगा स्नान की इच्छा थी। लेकिन बढ़ती उम्र के कारण उनका सफर कर पाना मुश्किल था। बेटों ने पिता की इस इच्छा को पूरा करने के लिए एक अनोखा तरीका निकाला।

बेटे जयप्रकाश, कृष्णा, टिंकू और बंटी ने कछला गंगा घाट से विशेष कांवड़ तैयार करवाई। कांवड़ के एक पलड़े में 51 लीटर गंगाजल के कलश सजाए गए, तो दूसरे पलड़े में अपने पिता गोवर्धन सिंह को बड़े सम्मान के साथ बैठाया।

इसके बाद चारों भाई बारी-बारी से कंधे पर कांवड़ का भार उठाकर शिवालय की ओर बढ़े। जब यह अनोखी कांवड़ यात्रा बदांयू कस्बे से गुजरी तो लोगों की भीड़ लग गई। हर कोई इन भाइयों की सेवा भावना की तारीफ कर रहा था।

भाइयों ने बताया कि “हम भगवान शिव के अनन्य भक्त हैं और हर साल सावन में कांवड़ लाते हैं। इस बार जब पिता ने गंगा स्नान की इच्छा जताई तो हमने तय किया कि माता-पिता की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं। इसी संकल्प के साथ ये कांवड़ उठाई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बेटों ने साबित कर दिया कि सच्चा तीर्थ और धर्म अपने माता-पिता की सेवा में ही है।

विज्ञापन एक्सप्रेस