“बम-बम भोले” से गूंजा हाइवे: दूसरे सोमवार के लिए कछला रवाना हुए हजारों कांवड़िया।
उझानी-बदांयू 6 अगस्त।
सावन माह के दूसरे सोमवार को लेकर भोले के भक्तों में खासा उत्साह है। बृहस्पतिवार से ही दूर-दराज के जिलों से कांवड़ियों का जत्था कछला गंगा घाट के लिए निकलना शुरू हो गया है। अनुमान है कि इस बार दूसरे सोमवार को लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगाजल लेकर शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।
पूरनपुर, शाहजहांपुर,गोला गोकर्णनाथ, लखीमपुर खीरी, बरेली और पीलीभीत से पैदल चलकर आ रहे कांवड़िया अब कछला की ओर बढ़ रहे हैं। पूरे रास्ते “हर-हर बोले, बम-बम भोले” के जयकारों से कांवड़ रूट गूंज रहा है। शनिवार और रविवार से स्थानीय श्रद्धालु भी जल लेने के लिए कछला पहुंचेंगे, जिसके बाद सोमवार को भीड़ अपने चरम पर होगी।
कांवड़ियों की सेवा के लिए शनिवार से उझानी,बदायूं से कछला तक जगह-जगह भंडारे आयोजित किए जाएंगे। समाजसेवियों और शिवभक्तों ने भंडारे की अनुमति के लिए अभी से खाद्य सुरक्षा विभाग में आवेदन करना शुरू कर दिया है।
भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 100 पुलिस जवानों को विशेष रूप से तैयार किया गया है जो भगवा चोला पहनकर यात्रियों के बीच गश्त करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, यात्रा के दौरान कोई संदिग्ध व्यक्ति मिलने पर उससे गहन पूछताछ की जाएगी। किसी भी तरह की खुराफात को मौके पर ही नाकाम किया जाएगा। दूसरे, तीसरे और अंतिम सोमवार तक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। वही कल शाम से रूट डायवर्ट कर दिया जाऐगा। जो सोमवार शाम तक जारी रहेगा।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
