।
स्थानीय लोगों ने मशक्कत कर आग पर पाया काबू, घर का सामान जला।
बिल्सी बदांयू 6 अगस्त।
बिल्सी नगर के मोहल्ला नंबर 8 में गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक घर में रखे एलपीजी सिलेंडर में अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। इस हादसे में दो लोग मामूली रूप से झुलस गए, जबकि घर का कुछ सामान जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला नंबर 8 निवासी जावेद अली घर में नया एलपीजी सिलेंडर लेकर आए थे। रेगुलेटर लगाकर परिजन खाना बनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी सिलेंडर से अचानक आग की लपटें निकलने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और चीख-पुकार मच गई।
आग लगने की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस दौरान आग बुझाने में जुटे जावेद और शान मोहम्मद मामूली रूप से झुलस गए।
जावेद अली ने बताया कि सिलेंडर नया था और रेगुलेटर लगाते ही उसमें आग लग गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अपील की है कि सिलेंडर की गुणवत्ता की जांच कराई जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और घायलों का प्राथमिक उपचार कर लिया गया है।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
